Thursday, January 22, 2015

लुल हैं ये यूएन वाले भी.…

हम जम्बूद्वीप वासियों को हर चीज़ में नंबर वन कहलाने का शौक है। कई मामलों में में हम हैं भी नंबर वन। इन्हीं में से एक है मैटरनल मोर्टेलिटी रेट, जो कि यूएन के आंकड़ों के अनुसार 19 प्रतिशत है। यानी हर साल हमारे यहाँ 56000 औरतों  की मौत बच्चे को जन्म देते समय या इसके 49 दिनों के अंदर  हो जाती है। नाइजीरिया में यह आंकड़ा 40000, पाकिस्तान में 12000 और अफ़ग़ानिस्तान में 6400 है। इस लिस्ट में चीन 22 वें और अमेरिका 60 वें नंबर पर है। अगर आपने कभी सरकारी अस्पताल के मैटरनिटी वार्ड में एकाध घंटा बिताया है तो आपको अंदाजा होगा कि ऐसा क्यों है। और घर पर प्रसव कराने की परंपरा भी तो कई गावों में चल रही है। तिस पर भी अगर साक्षी महाराज, साध्वी प्राची, श्यामल गोस्वामी, शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती और चंद्रबाबू नायडू की 5-10 बच्चों के प्रोडक्शन वाली सलाह (?) को सीरियसली लिया गया, तब तो यह आंकड़ा सारे रिकॉर्ड ही तोड़ देगा। फिर तो शायद नंबर वन से भी बड़ी पोज़ीशन का आविष्कार करना पड़ जाए। लुल हैं ये ये यूएन वाले भी। पता नहीं काहे औरतों को इंसानों की श्रेणी में रख कर ये डेटा-उूटा निकालते रहते हैं। टैम के हिसाब से अपडेट हो जाना चाहिए। कहे नहीं डब्लू डब्लू एफ वालों को यह काम सौंप देते हैं । टाइगर की तरह औरतों के लिए भी बनवा दीजिये कुछेक नेशनल पार्क। जितनी चाहे ब्रीडिंग कराइये। 10 क्या, 20-30 बच्चे भी पैदा हो जाएंगे। फिर बजट की कमी पड़े तो 'सेव टाइगर एंड वीमेन ' अभियान चलाते रहिएगा।                     

Tuesday, November 18, 2014

एक थी चिड़िया.…




एक थी चिड़िया। नन्‍हीं सी। मासूम सी। पंख उसके खाकी थे लेकिन आंखों के सपने सतरंगी थे। तमाम जज्‍बातों और अरमानों वाले ये रंग कितने चटख थे। मानों कह रहे हों,'होली का इंतजार हमसे न हो पाएगा। हमें तो बस अभी बरसना है।' पहली बारिश की तरह। चिड़िया को आसमान में पंख पसार कर उड़ना बहुत लुभाता था। हर दिन दाना-चुग्‍गा तलाशने दूर निकल जाती थी। अपने अस्तित्‍व पर बडा गुमान था उसे। एक दिन उसे एक घर की मुंडेर पर किसी ने दाना चुगने को दिया। उस दिन उसे भटकना नहीं पड़ा। अगले दिन वह वहां से गुजरी तो उसे फिर मुंडेर पर दाना मिल गया। चिड़िया की आंखें चमक उठीं। 'कितने दयालु हैं इस घ्‍ार के लोग। मेरी कितनी मेहतन बचा ली।' फिर तो यह रोज का नियम बन गया। चिड़िया उस घ्‍ार के दानों पर पलने लगी। एक रोज वह वहां पहुंची तो दाने नहीं थे। दरवाजे पर एक बडा सा ताला जड़ा हुआ था। जड़वत सी हो गई वह। सोचा, चलो आज खुद ही दाने की तलाश में निकल जाती हूं। लेकिन उसका यह ख़याल ख़याल ही रहा। उड़ न सकी वह। वहीं बैठी रही। वहां रखे मिट्टी के बर्तन में रखा पानी पिया और फुदक कर दूसरी जगह बैठने ही वाली थी कि उसे पानी में अपना प्रतिबिंब नज़र आया। खुद को पहचान नहीं पाई वो। खाकी पंख बेरौनक हो चले थे। जैसे किसी ने उनके रेशे उधेड़ दिए हों। आंखें पत्‍थर हो गई थीं। चोंच भी पहले की तरह पैनी नहीं रही थी। वहां से गुजरते कुछ बच्‍चों ने उसे उसकी हिम्‍मत और काबिलीयत की याद दिलाने की कोशिश की। चिड़िया उड़। चिड़िया उड़। चिड़िया उड़। उन्‍होंने पूरी शक्ति लगाकर कई बार कहा पर चिड़िया नहीं उड़ी। उसका खुद पर से विश्‍वास उठ गया था। उस मुंडेर पर उसके पैर ऐसे जम गए थे मानों किसी बिहेलिये ने चतुराई से जाल बिछाकर उसे फांस लिया हो। जबकि ऐसा कुछ नहीं था। जाल की कल्‍पना उसकी खुद की थी। आज ऐसी बहुत सी स्त्रियां हैं जो इस चिड़िया की तरह यह मान बैठी हैं कि उनके पैर किसी अदश्‍य जाल से बंधे हुए हैं। फेंका हुआ दाना खाने के सिवा उनके पास कोई चारा नहीं है। पर सवाल यह है कि क्‍या हकीकत में ऐसा है? उत्‍तर भारतीय घरों में 'चिड़िया उड़' नामक एक खेल खेला जाता है। क्‍यों न इसे वयस्कों की दुनिया में भी जगह दी जाए! अदश्‍य जाल का डर दिखाने के बजाए चिड़िया के पंखों को परवाज दी जाए.…